Ranchi News: रांची रेल मंडल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में आरपीएफ हटिया और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 11.50 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। इस ऑपरेशन में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर हटिया रेलवे स्टेशन में विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह और फ्लाइंग टीम ने संदिग्ध अवस्था में बैठे दो व्यक्तियों की तलाशी ली। तलाशी में उनके बैगों से चार पैकेटों में कुल 23 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
Read more- दुमका में ACB की बड़ी कार्रवाई: कारोबारी नवीन पटवारी के आवास पर सुबह से छापेमारी जारी
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद फिरोज, पिता मोहम्मद फारूक, उम्र 32 वर्ष और राम बिलास चौधरी, पिता मदन चौधरी, उम्र 27 वर्ष के रुप में हुई है। दोनों आरोपी पश्चिम चंपारण (बिहार) के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद फिरोज के पास से नीले रंग का पिट्ठू बैग और भूरे रंग का ट्रॉली बैग मिला, जिसमें गांजा भरा था। राम बिलास के पास से हरे रंग का पिट्ठू बैग और ग्रे रंग का हैंड बैग मिला, जिनमें शेष गांजा रखा था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने यह गांजा राउरकेला में एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था और इसे धनबाद में किसी अन्य व्यक्ति को देने जा रहे थे।
DD किट से जांच में गांजा की पुष्टि
गिरफ्तारी के बाद, सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह की मौजूदगी में सभी पैकेटों की DD किट से जांच की गई, जिसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, बरामद मादक पदार्थ और आरोपियों को जीआरपी हटिया को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Read more- JSSC CGL Result 2023: लंबे इंतज़ार के बाद जारी हुआ रिजल्ट, इतने अभ्यर्थी हुए पास













