Jharkhand News: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से झारखंड में घना कोहरा लगातार कहर बरपा रहा है। शनिवार को राज्य के 20 जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। राजधानी रांची में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने रहे, जहां दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। इसका सीधा असर हवाई, रेल और सड़क यातायात पर पड़ा है।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने Jharkhand के उत्तरी और मध्य हिस्सों के कई जिलों में अगले 24 घंटे के लिए घने कुहासे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के अनुसार कुछ इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से नीचे जा सकती है, जिससे आवाजाही और ज्यादा मुश्किल हो सकती है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग और लातेहार शामिल हैं।
वहीं रांची, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम में कोहरे का असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना जताई गई है।
Jharkhand में हवाई सेवाएं ठप, यात्रियों की परेशानी बढ़ी
घने कोहरे के कारण रांची एयरपोर्ट पर सात उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और अहमदाबाद से आने-जाने वाली कई फ्लाइट्स प्रभावित रहीं। उड़ानें रद्द होने की सूचना मिलते ही यात्रियों में बुकिंग रिशेड्यूल कराने को लेकर अफरा-तफरी मच गई। कई विमान एक से चार घंटे की देरी से पहुंचे।
Read more- Dhanbad में 45 दिनों बाद Barmasia Overbridge बहाल, लाखों लोगों ने ली राहत की सांस
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। जम्मूतवी–संबलपुर एक्सप्रेस करीब आठ घंटे की देरी से पहुंची, जबकि मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस ढाई घंटे विलंब से चली। उत्तर बिहार से रांची आने वाली बस सेवाएं भी समय पर नहीं पहुंच सकीं।
तापमान में गिरावट, ठंड बढ़ी
कोहरे के साथ ठंड में भी इजाफा हुआ है। रांची का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कांके में पारा गिरकर 6.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोहरदगा, लातेहार और खूंटी में भी न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी युक्त हवा ठंडी सतह से टकरा रही है, जिससे जलवाष्प की महीन बूंदें कुहासे में बदल रही हैं। इसमें धूलकण और प्रदूषण के कण भी शामिल होकर दृश्यता को और कम कर रहे हैं, जिसके चलते दिन में भी ठंड और कनकनी महसूस हो रही है।












