Jharkhand News: जमशेदपुर में उद्योगपति के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण मामले में पुलिस को गुरुवार की रात बड़ी सफलता मिली है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के साईं मंदिर के पास आधी रात पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस दौरान तीनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि हथियार की बरामदगी के लिए तीनों अपराधियों को घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उन्होंने एक कांस्टेबल से कार्बाइन छीनने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिससे तीनों अपराधियों के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी आलोक दुबे पर भी फायरिंग हुई, हालांकि वे सुरक्षित बच गए।
अपराधियों की पहचान
घायल अपराधियों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। ये तीनों बिहार के गया और नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और कैरव गांधी अपहरण कांड के मुख्य आरोपी हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है और पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए गहन जांच कर रही है।












