Jharkhand News: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच रविवार देर रात धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सिंह मेंशन पर अज्ञात अपराधियों ने बमबाजी कर दहशत फैला दी। घटना रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। बाइक सवार अपराधियों ने आवास को निशाना बनाते हुए दो बम फेंके, जिनमें से एक बम गेट के भीतर जाकर फटा, जबकि दूसरा बाहर ही गिरकर विस्फोट हो गया। सौभाग्यवश इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
विस्फोट की तेज आवाज से परिसर में अफरा-तफरी
बताया गया कि जिस स्थान पर बम विस्फोट हुआ, वहां आमतौर पर लोग बैठते हैं, लेकिन देर रात होने के कारण वहां कोई मौजूद नहीं था। घटना के समय झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह, उनकी पत्नी व झरिया विधायक रागिनी सिंह आवास के भीतर मौजूद थीं। विस्फोट की तेज आवाज से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा गार्ड सहित अन्य लोग बाहर की ओर दौड़े, हालांकि तब तक अपराधी फरार हो चुके थे।
सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सिंह मेंशन में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक संजीव सिंह नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए नामांकन की तैयारी में हैं। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।
अमन सिंह गिरोह ने ली हमले की जिम्मेदारी
कोयलांचल के सबसे रसूखदार राजनीतिक घरानों में से एक, सिंह मेंशन पर हुए बम धमाके के बाद धनबाद में दहशत का माहौल है। इस हमले के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा पर्चा तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इस पर्चे के जरिए अमन सिंह गिरोह के शंकर सिंह ने हमले की जिम्मेदारी ली है। वायरल हो रहे पर्चे में बेहद तल्ख और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है। अमन सिंह गिरोह की ओर से लिखा गया है कि जिस धरती पर अमन का खून बहा है, उसे बंजर कर देंगे। यह सीधा इशारा जेल में हुई अमन सिंह की हत्या के प्रतिशोध की ओर है।घटना के बाद से ही पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। वरीय पुलिस अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं।












