Jharkhand News: दुमका नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वीर कुंवर सिंह चौक के समीप सदर आरक्षी निरीक्षक कार्यालय के पीछे बरामदे में एक महिला और एक छोटी बच्ची का शव बरामद हुआ। दोनों के शरीर पर खून के निशान थे, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई।
Jharkhand News: मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले लोगों की नजर जब शवों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक बच्ची की उम्र करीब 6 वर्ष और महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला पिछले कुछ दिनों से इलाके में घूमती नजर आती थी और उसके साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी कभी-कभी दिखता था। हालांकि उसकी पहचान और पृष्ठभूमि के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस हत्या की आशंका के साथ हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।












