Jharkhand News: धनबाद के लुबी सर्कुलर रोड स्थित एक होटल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक कमरे के अंदर बेहोशी की हालत में मिला। आनन-फानन में युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की पहचान रामगढ़ निवास रवि कुमार के रूप में हुई है।
Jharkhand News: 12 फरवरी की शाम से होटल में ठहरा था युवक
होटल प्रबंधन के मुताबिक, रवि 12 फरवरी की शाम कमरा नंबर 201 में ठहरे थे। अगले दिन शाम तक जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो कर्मचारियों ने सोचा कि वह बाहर गए होंगे। लेकिन 14 फरवरी की सुबह भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कर्मचारियों का शक गहरा गया और पुलिस को सूचना दी।
Jharkhand News: गंभीर स्थिति में SNMMCH में भर्ती
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज पांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम जब दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो युवक बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस से उसे पहले निजी अस्पताल ले गई जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए SNMMCH रेफर कर दिया गया।
प्राथमिक जांच में युवक के द्वारा जहर खाकर जान देने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, वहीं परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।












