धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में वासेपुर के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने ‘यूपी स्टाइल’ सख्त कार्रवाई की शुरुआत कर दी है। मंगलवार को डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम पुलिस टीम के साथ वासेपुर कमर मखदुमी रोड, नीचे मोहल्ला स्थित उसके घर पहुंचे और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की।
आर्म्स एक्ट के पुराने मामले में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार बैंक मोड़ थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान प्रिंस खान के घर की छत पर बना शेड कटवाकर हटाया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार चल रहे प्रिंस के खाली घर में रात के समय उसके गुर्गे अड्डाबाजी करते हैं।
इससे पहले भी पुलिस तीन बार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई कर चुकी है। हाल ही में कतरास थाना की पुलिस ने घर पर कुर्की का इश्तेहार चिपकाया था। पूर्व की कार्रवाई में दरवाजे और खिड़कियां भी उखाड़ी जा चुकी हैं।
अवैध निर्माण की भी जांच
पुलिस ने बताया कि प्रिंस खान का मकान नियमों के विरुद्ध बनाया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आसपास के लोगों की जमीन पर अतिक्रमण तो नहीं किया गया है। जल्द ही सीओ और नगर निगम की टीम के साथ संयुक्त जांच की जाएगी। यदि निर्माण अवैध पाया गया तो आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
70 से अधिक मामले दर्ज, 2021 से फरार
प्रिंस खान वर्ष 2021 से धनबाद से फरार है। फरारी के दौरान उसके खिलाफ झारखंड में 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह धनबाद से दुबई भाग गया था। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद उसके पाकिस्तान या अन्य खाड़ी देशों में शरण लेने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस संबंध में लगातार निगरानी कर रही हैं।
नन्हे हत्याकांड से जुड़ा मामला
24 नवंबर 2021 को बैंक मोड़ पुलिस जब नन्हे हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में वासेपुर स्थित उसके घर पहुंची थी, तब वहां से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया था। उसी मामले में मंगलवार को कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई।
डीएसपी नौशाद आलम ने बताया कि पुलिस को इनपुट मिला है कि प्रिंस के गुर्गे रात में घर का उपयोग कर रहे हैं। साथ ही मकान के निर्माण में भी अनियमितता की शिकायत मिली है, जिसकी जांच जारी है।












