डुमरी (गिरिडीह): झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी क्षेत्र में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या से सनसनी फैल गई है। उनका अधजला शव झारखंड कॉलेज, डुमरी (घुटवाली) के पास सड़क किनारे जंगल क्षेत्र से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
सुबह घर से निकले, देर रात तक नहीं लौटे
जानकारी के अनुसार राकेश महतो 20 फरवरी की सुबह अपने घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने जंगल के पास एक अधजला शव देखा। पहचान करने पर शव राकेश महतो का निकला।
विधानसभा में उठ चुका है लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा
बीते दिनों झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि राज्य में अपराधी लगातार बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।
मंत्री का बयान – 24 घंटे में गिरफ्तारी
राज्य सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा है कि इस जघन्य हत्या में शामिल अपराधियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, “राज्य की कानून व्यवस्था पर हमें पूरा भरोसा है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की।
जांच जारी, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








