Ranchi: कल झारखंड के 48 शहरी निकायों में वार्ड पार्षद, मेयर और अध्यक्ष पद को लेकर मतदान होना है। निर्वाचन आयोग इसकी तैयारी में जुटा है। तो वहीं दूसरी तरफ महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना की 19वीं किस्त की राशि लाभुकों के खाते में डाल दी गई। मईंयां सम्मान योजना की राशि मिलने के बाद से जहां महिलाओं में खुशी है तो वहीं विपक्ष ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उठाया सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आदर्श आचार संहिता का सरकारी स्तर पर उल्लंधन बताया है। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मतदाताओं को लुभाने और प्रभावित करने के उद्देश्य से मतदान से ठीक एक दिन पहले लाभुकों के खाते में राशि भेजी गई है। साहू ने यह भी कहा है कि ऐसा प्रतीत होता है कि निर्वाचन आयोग के अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे है। हालांकि झामुमो के तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
विभागिय मंत्री ने होली से पहले राशि देने की कही थी बात
देखा जाए तो विभागिय मंत्री चमरा लिंडा ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि लाभुकों के खाते में मईंयां सम्मान योजना की राशि होली से पहले दे दी जाएगी। और ठीक ऐसा ही देखने को मिला है। वहीं सदन में अनुपुरक बजट की राशि पेश की गई थी तो उसमें महिला, बाल विकास को सरकार के तरफ से 779 करोड़ रुपए की राशि दी गई थी। जो की विभागिय स्तर पर दूसरी बड़ी राशि थी।












