धनबाद/झरिया: धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान रविवार को झरिया में अवैध कोयला लदे ट्रक की चपेट में आने से एक बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की, जिससे कई बूथों पर मतदान प्रभावित रहा।
बालूगद्दा में देर रात हादसा
जानकारी के अनुसार, झरिया थाना और घनुवाडीह ओपी क्षेत्र के बालूगद्दा में देर रात अवैध कोयला लोड ट्रक की चपेट में आने से एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने अवैध कोयला लदे तीन ट्रकों को पकड़ लिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
डीएवी उच्च विद्यालय के पास जाम, बूथ 12–15 प्रभावित
रविवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग को डीएवी उच्च विद्यालय के समीप जाम कर दिया। आगजनी और सड़क अवरोध के कारण बूथ संख्या 12, 13, 14 और 15 तक मतदाताओं की पहुंच बाधित हुई। जाम में फंसे मतदाताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी, जिससे करीब एक से डेढ़ घंटे तक मतदान की रफ्तार धीमी रही।
पुलिस बल तैनात, हालात काबू में
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शुरुआती दौर में स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया-बुझाया। आश्वासन के बाद जाम हटाया गया और आवाजाही बहाल हुई।
फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने हादसे की जांच और अवैध कोयला परिवहन पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।












