Ranchi: आगामी बहाली प्रक्रिया में मानव दिवस कर्मियों को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्रीनिवासन से मिला। यह मुलाकात धुर्वा स्थित ऊर्जा निगम कार्यालय में केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में हुई, जहां संघ ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
2016 और 2018 की तर्ज पर प्राथमिकता की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि वर्ष 2016 (नियोजन संख्या–02/2015) एवं वर्ष 2017 (नियोजन संख्या–03/2016) की तर्ज पर मानव दिवस कर्मियों को आगामी नियुक्ति प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाए। साथ ही आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट प्रदान करने का अनुरोध भी किया गया।
संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि विभाग में वर्षों से कार्यरत मानव दिवस कर्मी और एजेंसी कर्मियों ने विषम परिस्थितियों में भी निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दी हैं। ऐसे कर्मियों को बहाली में प्राथमिकता देना न्यायोचित होने के साथ-साथ विभागीय अनुभव और दक्षता को भी मजबूत करेगा।
2014 की सूची को आधार बनाने का प्रस्ताव
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि वर्ष 2014 में विभागीय सर्वे के आधार पर तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को कार्यकाल गणना के लिए आधार बनाया जाए। इसके अलावा 2014 के बाद से कार्यरत कर्मियों को भी उनके वास्तविक अनुभव के आधार पर वरीयता दी जाए।
एजेंसी व्यवस्था की समीक्षा और एकल एजेंसी की मांग
संघ ने वर्तमान एजेंसी व्यवस्था की समीक्षा कर प्रत्यक्ष नियुक्ति प्रणाली पुनः लागू करने अथवा राज्य के अन्य विभागों की तरह एकल एजेंसी के माध्यम से व्यवस्था संचालित करने की मांग रखी। उनका तर्क है कि इससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
दिवंगत कर्मियों के आश्रितों के लिए नीति बनाने की मांग
ज्ञापन में कार्य के दौरान दिवंगत दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट एवं मानवीय नीति बनाने की भी मांग की गई है।
अजय राय ने कहा, “मानव दिवस कर्मी वर्षों से विभाग की रीढ़ के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनकी उपेक्षा न केवल अन्यायपूर्ण होगी, बल्कि विभागीय कार्यकुशलता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगी। हमें विश्वास है कि प्रबंधन उनके हितों की रक्षा हेतु सकारात्मक निर्णय लेगा।”
CMD ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सीएमडी श्रीनिवासन ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तुत बिंदुओं पर सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय हितों और कर्मियों के न्यायसंगत अधिकारों के बीच संतुलन स्थापित करते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
श्रमिक संघ ने सीएमडी के आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आगामी बहाली प्रक्रिया में मानव दिवस कर्मियों को न्याय मिलेगा और उनकी वर्षों की सेवा का सम्मान सुनिश्चित होगा।
प्रतिनिधिमंडल में अजय राय के साथ महामंत्री अमित कुमार कश्यप, अमित शुक्ला, अनिकेत सिंह, मुकेश साहू, श्याम दीप कुमार और रामू कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने जीएम (एचआर) सुनील दत्त खाखा से भी मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।












