Jharkhand Politics: कांग्रेस की झारखंड प्रदेश महिला इकाई ने रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और एलपीजी की समस्या से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय दबाव और विदेश नीति के कारण भारत सस्ते ऊर्जा विकल्पों का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहा है। उनका कहना था कि इसका असर सीधे तौर पर देश में गैस की कीमतों और उपलब्धता पर पड़ रहा है।
इस्तीफा दें केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी
रमा खलखो ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को आम परिवारों के लिए बड़ा बोझ बताया। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत बढ़ी हुई कीमतें वापस ले और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए ठोस कदम उठाए। साथ ही उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से इस्तीफे की भी मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेंगी। इस अवसर पर संगठन की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं, जिन्होंने महंगाई और गैस संकट के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की बात कही।








