Palamu News: पलामू के रामगढ़ इलाके में एक प्रेम कहानी ने अनोखा मोड़ ले लिया। आठ साल से चल रहे रिश्ते को बचाने के लिए एक युवती सीधे थाने पहुंच गई और अपने प्रेमी से शादी कराने की गुहार लगाई। मामला तब सामने आया जब उसे पता चला कि उसके प्रेमी की शादी कहीं और तय कर दी गई है।
Palamu News: प्रेमी की शादी कहीं और तय होने से नाराज थी युवती
दरअसल बात ऐसी है कि बाघी गांव के धोबी टोला निवासी अमित सिंह और काचन गुरियाही टोला की अंजू कुमारी पिछले कई सालों से एक-दूसरे से प्यार करते थे। इसी दौरान अंजू को पता चला कि अमित का रिश्ता किसी दूसरी जगह तय हो गया है। खबर मिलते ही वह सीधे रामगढ़ थाना पहुंच गई और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
Palamu News: थाने की पहल पर दोनों की कराई गई शादी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक और उसके परिवार को थाने बुलाया। दोनों पक्षों के बीच कई घंटों तक बातचीत और समझाने बुझाने का दौर चला। शुरुआत में युवक शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन काफी समझाने के बाद उसने हामी भर दी। इसके बाद गांव के लोगों की पहल पर रात करीब आठ बजे रामगढ़ के शिव मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ दोनों की शादी करा दी गई।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं, जिसकी वजह से परिवारों में पहले सहमति नहीं बन पा रही थी। आखिरकार युवती के दृढ़ फैसले और ग्रामीणों के सहयोग से दोनों की शादी संपन्न हो गई और शादी के बाद अंजू अपने पति के साथ उसके घर चली गई।












