Jharkhand: झारखंड की पहली फिल्म जो 4 भाषाओं में मचाएगी धूम, जानें कब होगी रिलीज
Jharkhand: झारखंडी सिनेमा (झॉलीवुड) के प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सेरेंग’ (Sereng) का टीजर सोमवार को रांची प्रेस क्लब में भव्य तरीके से रिलीज किया गया। इस खास मौके पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार मेघनाथ और चर्चित निर्देशक निरंजन कुजूर बतौर अतिथि उपस्थित थे।
Jharkhand: चार भाषाओं में रिलीज होने वाली पहली फिल्म
‘सेरेंग’ ने रिलीज से पहले ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह झारखंड की पहली ऐसी फिल्म है जो न केवल नागपुरी, बल्कि खोरठा, संथाली और हिंदी में भी एक साथ रिलीज होगी। फिल्म का शीर्षक ‘सेरेंग’ काफी दिलचस्प है— मुंडारी भाषा में इसका अर्थ ‘चट्टान’ होता है, जबकि संथाली में इसका अर्थ ‘गीत’ है।
फिल्म की मुख्य विशेषताएं
- निर्देशक: एनपीके पुरुषोत्तम
- लेखक: जयनंदन (जमशेदपुर के वरिष्ठ कथाकार)
- मुख्य कलाकार: झारखंडी सुपरस्टार विवेक नायक और नितेश कच्छप।
- नकारात्मक भूमिका: एनएसडी (NSD) ग्रेजुएट काजल मुंडू खलनायक के रूप में नजर आएंगे।
- संगीत: फिल्म में मुंडारी और नागपुरी के कुल 8 गाने हैं।
- प्रमाणन: फिल्म को सेंसर बोर्ड से ‘यू’ (U) सर्टिफिकेट मिला है, यानी इसे पूरा परिवार साथ देख सकता है।
1 मई को इन शहरों में होगी रिलीज
श्रेया इंटरनेशनल फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में पहले ही काफी सराहना मिल चुकी है। अब यह आम दर्शकों के लिए 1 मई को रिलीज होने जा रही है। फिल्म मुख्य रूप से सिमडेगा, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रांची और अन्य प्रमुख शहरों में प्रदर्शित की जाएगी।
अतिथियों का संदेश
टीजर लॉन्च के दौरान मेघनाथ और निरंजन कुजूर ने फिल्म की तकनीकी गुणवत्ता और कहानी की सराहना की। इस दौरान झॉलीवुड के दिग्गज कलाकार डॉ. अनिल ठाकुर, वाईके मिश्रा और राजीव सिन्हा समेत कई टेक्नीशियन भी मौजूद रहे।












