Ranchi Murder Case: रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत झखराटांड गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की की हत्या कर उसके शव को छिपाने के लिए गया ले जाकर दाह संस्कार कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Ranchi Murder Case: पिछले 8 वर्षों से आरोपी के घर में रह रही थी नाबालिग
घटना 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है, जब ग्रामीणों ने सुबोध पाठक के घर पर हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि उनके घर में पिछले 8 वर्षों से रह रही लड़की अचानक लापता हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। साथ ही एफएसएल टीम द्वारा भी मौके पर जांच की गई, लेकिन शुरुआती तौर पर कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
Read More- Dhanbad News: धनबाद कोर्ट को फिर से बम से उड़ाने की मिली धमकी, पुलिस ने चप्पे चप्पे की ली तलाशी
लड़की के लगातार लापता रहने पर 3 अप्रैल को मामला दर्ज कर अनुसंधान तेज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और टोल प्लाजा के फोटोग्राफ के आधार पर जब सुबोध पाठक और उसके पुत्र राहुल पाठक से सख्ती से पूछताछ की गई, तो दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
Ranchi Murder Case: इंस्टाग्राम के जरिए साले से हुई थी दोस्ती
पूछताछ में सामने आया कि मृतका की इंस्टाग्राम के जरिए राहुल पाठक के साले से दोस्ती हो गई थी, जो समय के साथ गहरी हो गई। इसी ‘लोक-लाज’ के डर से दोनों ने मिलकर नाबालिग की हत्या कर दी और शव को एंबुलेंस से गया ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
Read More- Palamu Murder: इतनी सी बात पर छोटे भाई ने बड़े भाई को टांगी से काटकर उतारा मौत के घाट
पुलिस ने उक्त एंबुलेंस को जब्त कर लिया है। वहीं एंबुलेंस चालक पिंटू कुमार सिंह ने बताया कि उसे यह कहकर गया ले जाया गया कि 13 वर्षीय बेटी की मौत हो गई है और दाह संस्कार करना है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी सुबोध पाठक और राहुल पाठक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









