Ranchi News: राँची मांडर टोल प्लाजा मारपीट, 60 लोगों ने टोल कर्मियों पर किया हमला, कई घायल
Ranchi News: राँची जिले के मांडर टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात जमकर बवाल हुआ। मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक शादी समारोह में जा रहे दर्जनों लोगों ने टोल कर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में टोल मैनेजर सहित आधा दर्जन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
CCTV में कैद हुई वारदात की तस्वीरें
टोल मैनेजर के अनुसार, सोमवार की रात एक वाहन से शुरू हुए मामूली विवाद के बाद देखते ही देखते 50 से 60 लोगों की भीड़ ने टोल बूथ पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने टोल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर रही है।
घायलों को RIMS किया गया रेफर
इस हमले में टोल मैनेजर और कई कर्मचारी लहूलुहान हो गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद, कुछ कर्मियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS), राँची रेफर कर दिया गया है। टोल प्रबंधन ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है












