रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में भर्ती एक मरीज ने शुक्रवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान चतरा निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार अप्रैल महीने से रिम्स में भर्ती था। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था और गांजा का सेवन करता था। अत्यधिक नशे की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था।
शुक्रवार सुबह उसने अस्पताल परिसर में ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि विवेक कुमार ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) झारखंड का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। ऐसे में सुरक्षा के तमाम दावों के बीच अस्पताल परिसर में हुई इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।









