Palamu: पलामू जिले में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार करने के निशान है जिससे युवक के हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पूरा मामला हरिहरगंज शहरी क्षेत्र के वैद्य बिगहा मुहल्ला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास का बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और दहशत का माहौल बन गया।
शव की पहचान में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने कहा कि अभी फिलहाल मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुट गई है।










