Jamtara: जामताड़ा जिले के फतेहपुर बाजार क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर एक युवक से सोना-चांदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर बाजार निवासी एक ज्वेलर्स कर्मी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका और हथियार के बल पर बैग छीन लिया। बैग में करीब 8 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बताए जा रहे हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही
घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।








