Ranchi: राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला निकलकर सामने आई है। हेसल गांव की रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग युवती का शव रविवार को नूंहू गांव स्थित एक कुएं से बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि युवती पिछले दो दिनों से लापता थी, जिसकी परिजन लगातार तलाश कर रहे थे। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घर से नाराज होकर निकली थी तन्नु, भाई ने देखा शव
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे युवती किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। रविवार को उसका भाई अमित कुजूर जब नूंहू गांव के एक कुएं में नहाने गया, तो उसने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा।
पास जाकर देखने पर शव की पहचान उसकी लापता बहन के रूप में हुई। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चान्हो और मांडर पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही चान्हो और मांडर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों (आत्महत्या या कोई साजिश) का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।









