मैथन (Dhanbad): झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैथन (Maithon Dam) से एक महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने की खबर सामने आई है। अपने परिवार के साथ घूमने आई यह महिला बोटिंग पॉइंट के पास से अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला, तो परेशान पति ने मैथन थाने में पत्नी की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा के बाद पहुंचे थे मैथन डैम
जानकारी के अनुसार, एक दंपति अपने परिजनों के साथ मैथन घूमने आए थे। मैथन पहुंचने के बाद पूरे परिवार ने सबसे पहले प्रसिद्ध कल्याणेश्वरी मंदिर (Kalyaneswari Temple) में पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी लोग मैथन डैम में नौकायन (बोटिंग) का आनंद लेने के लिए बोटिंग पॉइंट पर पहुंचे।
Read More: Ranchi में अड्डाबाजी और नशापान के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कचहरी, हरमू समेत कई इलाकों में छापेमारी
टिकट लेने गए थे पति और साली, पीछे से लापता हुई महिला
बताया जा रहा है कि मैथन डैम पर बोटिंग की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान महिला का पति और उसकी साली बोटिंग का टिकट लेने और अन्य जरूरी काम के लिए कुछ देर के लिए वहां से आगे बढ़े। जब दोनों टिकट लेकर वापस लौटे, तो महिला अपनी जगह पर नहीं थी। बोटिंग पॉइंट पर महिला को न पाकर पति और परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के पूरे इलाके, बाजारों और घाटों पर महिला की तलाश की, लेकिन काफी देर तक ढूंढने के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
मैथन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज, जांच शुरू
महिला के इस तरह अचानक और रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया है। थक-हारकर पति ने मैथन थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी और गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया।
सूचना मिलते ही मैथन थाना पुलिस एक्शन में आ गई है। पुलिस टीम बोटिंग पॉइंट और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। इस घटना के बाद से स्थानीय इलाके और पर्यटकों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
ये भी देखें: दिनभर की बड़ी खबरें फटाफट | Iran Strait of Hormuz | IPL Final | JCECEB | Twisha Sharma Death Case










