Chatra: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना क्षेत्र के पाराडीह जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने 522 ग्राम अफीम बरामद की है। इस कार्रवाई में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पाराडीह जंगल क्षेत्र में अफीम की तस्करी से जुड़े कुछ लोग सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर इलाके में छापेमारी की गई। अभियान के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 522 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम गांव निवासी रुपेश कुमार और इटखोरी थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी दीपांशु कुमार के रूप में हुई है।
अफीम तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस अफीम तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और चैट रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि अफीम कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी।
उन्होंने कहा कि मामले के फ्रंट और बैक लिंकेज की भी जांच की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
नशा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई का संकेत
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि जिले में अफीम, ब्राउन शुगर, डोडा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकता है। नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह सप्लायर हो, बिचौलिया हो या पूरे नेटवर्क का संचालक।
उन्होंने दावा किया कि इस मामले में आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं और जांच के आधार पर अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी शम्मी अंसारी, एएसआई जयप्रकाश सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








