Koderma: कोडरमा प्रखंड अंतर्गत नंदुडीह निवासी प्रदीप प्रसाद यादव ने अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक बलदेव पंडित पर पारिवारिक सूची बनाने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व हुई तेज बारिश और वज्रपात की घटना में प्रदीप यादव की पत्नी और पुत्र की मौत हो गई थी। परिजनों को मिलने वाली सरकारी सहायता एवं मुआवजा प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के उद्देश्य से प्रदीप यादव अंचल कार्यालय पहुंचे थे।
पीड़िता का आरोप है कि पारिवारिक सूची तैयार करने के एवज में प्रधान लिपिक द्वारा दोनों मृतकों के नाम पर 5-5 हजार रुपये, यानी कुल 10 हजार रुपये की मांग की गई। प्रदीप यादव ने बताया कि तत्काल दबाव की स्थिति में उन्होंने चाय-पानी के नाम पर 200 रुपये दे दिए थे। बाद में उन्होंने इसकी शिकायत जिला परिषद प्रतिनिधि धनंजय यादव से की।
शिकायत मिलने पर धनंजय यादव अंचल कार्यालय पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों के समक्ष मामले की जानकारी ली। उन्होंने कथित तौर पर प्रधान लिपिक को फटकार लगाते हुए कहा कि आपदा से प्रभावित गरीब परिवारों से किसी प्रकार की राशि लेना गंभीर मामला है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विवाद बढ़ता देख प्रधान लिपिक ने प्रदीप यादव को 200 रुपये वापस कर दिए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई जा रही है। हालांकि मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









