Ranchi: राजधानी रांची में मंगलवार को आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नागा बाबा खटाल स्थित धरना स्थल पर झारखंड व्यावसायिक प्रशिक्षित संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षक जुटे और पिछले 13-14 महीनों से बकाया मानदेय के भुगतान की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल शिक्षक झारखंड के विभिन्न जिलों से रांची पहुंचे थे। शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारी शिक्षक मुख्यमंत्री आवास तक रैली निकालकर अपनी बात सरकार तक पहुंचाना चाहते थे।
राजभवन के समीप प्रशासन ने रोका
हालांकि प्रशासन ने राजभवन के समीप ही उन्हें रोक दिया। इसके बावजूद शिक्षकों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को दोहराया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधियों को समय पर वेतन मिलता है तो शिक्षकों के मानदेय में इतनी देरी क्यों हो रही है।
शिक्षकों ने कहा कि राज्य का शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री के अधीन है, इसलिए वे सीधे मुख्यमंत्री तक अपनी समस्याएं पहुंचाकर जल्द समाधान चाहते हैं। फिलहाल उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से किसी आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









