Jamshedpur: जमशेदपुर शहर के ओलिडीह थाना क्षेत्र स्थित खड़िया बस्ती में मंगलवार देर रात हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान देवदास गौड़ के रुप में हुई है जो सरायकेला-राजनगर का रहने वाला था।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना में पदस्थापित एक एएसआई समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
नशे के दौरान शुरू हुई बहस, फिर चली गोली
पुलिस जांच के अनुसार, खड़िया बस्ती में कुछ लोग देर रात शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान देवदास गौड़ और देवाशीष पोद्दार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने पास में रखा देसी कट्टा निकाल लिया और देवदास पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उसकी गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचाने के बाद भागने की कोशिश
घटना के बाद आरोपी घायल युवक को लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण देवदास की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद आरोपी वहां से चुपचाप निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं और तीनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने जब्त किया हथियार और थार गाड़ी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल देसी कट्टा, एक थार गाड़ी और नशे से जुड़ा सामान भी बरामद किया है। मामले की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर शराब और नशे के बढ़ते असर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









