रांची, 30 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सीडब्ल्यूसी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी श्री के. राजू 2 जुलाई से 6 जुलाई 2026 तक झारखंड के व्यापक संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई जिलों का दौरा कर कांग्रेस संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री के. राजू अपने पांच दिवसीय दौरे के दौरान रांची, लातेहार, पलामू, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों का भ्रमण करेंगे।
पंचायत से जिला स्तर तक होगी संगठनात्मक समीक्षा
दौरे के दौरान के. राजू पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक कांग्रेस पदाधिकारियों, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (JPCC) के सदस्यों, प्रखंड कांग्रेस कमेटियों तथा जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि यह दौरा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
कार्यकर्ताओं और आम जनता से करेंगे सीधा संवाद
अपने दौरे के दौरान श्री के. राजू विभिन्न गांवों का भी भ्रमण करेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करेंगे तथा आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुनेंगे। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
5 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में होगी महत्वपूर्ण बैठक
दौरे के दौरान 5 जुलाई को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में एसआईआर समिति के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष तथा विभिन्न मोर्चा एवं विभागों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
संगठन विस्तार पर रहेगा विशेष फोकस
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने और जिला इकाइयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक। झारखंड, बिहार और राष्ट्रीय राजनीति, शिक्षा, प्रशासनिक मामलों और विकास नीतियों पर 10+ वर्षों का जमीनी पत्रकारिता अनुभव। निष्पक्ष और प्रमाणिक समाचार रिपोर्टिंग के लिए समर्पित।












