Ranchi: झारखंड में संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। डीजीपी तदाशा मिश्र ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय में समीक्षा बैठक कर गोड्डा, दुमका और आसपास के इलाकों में सक्रिय डेविल्स ग्रुप से जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (अभियान), दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस अधिकारी तथा गोड्डा और दुमका के वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। डीजीपी ने निर्देश दिया कि डेविल्स ग्रुप से जुड़े सभी संदिग्ध लोगों का भौतिक सत्यापन कराया जाए और ज्वेलरी लूट व छिनतई से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक का सबसे बड़ा फैसला चार जिलों-गोड्डा, दुमका, देवघर और जामताड़ा की संयुक्त स्पेशल जॉइंट टीम का गठन है। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में यह टीम संगठित अपराधों की जांच, अपराधियों की गिरफ्तारी और मामलों के त्वरित खुलासे पर काम करेगी। टीम की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा पुलिस महानिरीक्षक, दुमका प्रक्षेत्र करेंगे।
Read More- कोडरमा के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों का जोरदार हंगामा
डेविल्स ग्रुप पर कसेगा शिकंजा, 4 जिलों की संयुक्त टीम करेगी कार्रवाई
डीजीपी ने यह भी निर्देश दिया कि गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ वैज्ञानिक और मजबूत साक्ष्य जुटाए जाएं, गवाहों की समय पर अदालत में उपस्थिति सुनिश्चित हो, जमानतदारों का सत्यापन किया जाए और अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों का स्पीडी ट्रायल कराया जाए, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके।
Read More- Big Breaking : एसीबी ने बुढ़मू अंचल के सीओ को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी
इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने और पीसीआर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इन कदमों से संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








