Share Market : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बाजार में कारोबार के दौरान सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा गिरकर 76,900 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 200 अंक टूटकर 24,050 के आसपास कारोबार करता दिखा।
आज सबसे ज्यादा दबाव ऑटो, बैंकिंग और मेटल सेक्टर के शेयरों पर रहा। वैश्विक बाजारों में बढ़ी अनिश्चितता के कारण निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे बाजार में बिकवाली तेज हो गई।
Share Market : ब्रेंट क्रूड 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया
वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में भी करीब 4% की तेजी दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड दोबारा 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान के साथ हुए समझौते को खत्म मानने वाले बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। यदि कच्चा तेल महंगा बना रहता है तो भारत में महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
हालांकि, इससे पहले 10 जुलाई को शेयर बाजार शानदार बढ़त के साथ बंद हुआ था। उस दिन सेंसेक्स 828 अंक चढ़कर 77,569 और निफ्टी 244 अंक की तेजी के साथ 24,206 पर बंद हुआ था। अब निवेशकों की नजर वैश्विक घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी रहेगी।









