Ranchi: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज जिला दण्डाधिकारी कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जहां सैकड़ों कि संख्या में फरियादी अपनी समस्या लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के पास पहुंचे। इस दौरान मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व मामलों में लापरवाही मामले में रातू अंजल अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है।
Read More: Ranchi: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशीला पदार्थ के साथ चार गिरफ्तार
रातू अंचल अधिकारी को शोकॉज नोटिस किया जारी
राजस्व मामलों में लापरवाही पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए रातू अंचल से संबंधित चार मामलों में अंचल अधिकारी रवि कुमार को कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) जारी करने तथा एक मामले में प्रपत्र-क गठित करने के निर्देश दिए। शिकायतों में परिशोधन ऐप पर स्वीकृति मिलने के बावजूद पंजी-2 में सुधार नहीं करने, ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत नहीं करने तथा लगभग दो वर्षों से ऑनलाइन रसीद जारी नहीं किए जाने जैसे मामले शामिल थे।
अनगड़ा अंचल अधिकारी को भी शोकॉज नोटिस जारी करने का दिया निर्देश
इसी प्रकार बिना उचित कारण म्यूटेशन आवेदन अस्वीकृत किए जाने के मामले में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अनगड़ा अंचल अधिकारी के विरुद्ध भी शोकॉज जारी करने तथा प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश दिया। अनगड़ा अंचल के महेशपुर मौजा में भूमाफियाओं द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर छोटानागपुर काश्तकारी (सीएनटी) अधिनियम का उल्लंघन करते हुए भूमि निबंधन कर जमीन हड़पने के प्रयास की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने डीसीएलआर एवं अंचल अधिकारी, अनगड़ा को विस्तृत जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता की समस्याओं का समय रहते समाधान सर्वोच्चा प्राथमिकता
जनता दरबार के दौरान जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।







