JPSC : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (PT) का परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। परिणाम में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए छात्र लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
जेपीएससी अध्यक्ष का फूंका पुतला
इसी कड़ी में आज राजधानी रांची के मोराबादी स्थित बापू वाटिका से बड़ी संख्या में जेपीएससी अभ्यर्थी और छात्र नेता जेपीएससी कार्यालय के घेराव के लिए रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों ने जेपीएससी अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला भी फूंका। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा में कथित धांधली और परिणाम में अनियमितताओं को लेकर कई बार जेपीएससी को ज्ञापन सौंपा है, लेकिन अब तक आयोग की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। इसी वजह से अभ्यर्थियों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है।
14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा का हो निष्पक्ष जांच
छात्रों ने मांग की है कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा के परिणाम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनकी आपत्तियों का जल्द समाधान किया जाए। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल बड़ी संख्या में छात्र जेपीएससी कार्यालय के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात है। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
खबर अपडेट की जा रही है…








