Jharkhand: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड में दिखने लगा है। रांची, पलामू, कोडरमा, बोकारो, पुर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
इन जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक रांची, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेल-खरसांवा सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों मे बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर वज्रपात और तेज हवा के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं 17 जुलाई को गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा और रांची के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावा जताई गई है। इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। ऐसे में कमजोर पेड़ों, बिजली के खंभों औऱ पुराने निर्माणों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
राज्य में सामान्य से हुई कम बारिश
मौसम विभाग की माने तो राज्य में 1 जून से 14 जुलाई तक सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस दौरान जहां सामान्यत 326 मिमि वर्षा होती है। लेकिन अब तक केवल 193.2 मिमि ही रिकॉर्ड की गई है। रांची में भी 22 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। जहां रांची में सामान्य 336.3 मिमी बारिश होती थी, वहीं केवल 263.8 मिमी वर्षा हुई है।
जिन क्षेत्रों में बारिश कम वहां बढ़ेगी उमस
ऐसे में देखे तो जिन क्षेत्रों में बारिश कम हुई है। वहां गर्मी और उमस का असल आने वाले दिन में बना रहेगा। देखा जाए तो पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और कोडरमा में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री तक पहुंच चुका है। इन जिलों में दोपहर के समय उमस अधिक महसूस होने और शाम तक मौसम बदलने से राहत मिलने की बात कही जा रही है। पिछले 24 घंटे की बात करे तो साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, पलामू, गिरिडीह और गुमला में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। जिससे तापमान में गिरावट आई है।








