Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव पूरे राज्य में दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में वज्रपात के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को भी दोपहर बाद राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 58 मिमी वर्षा सिमडेगा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा खूंटी में 42 मिमी, हजारीबाग में 31 मिमी, कोडरमा में 14 मिमी और रांची में 11 मिमी बारिश हुई।
कई इलाकों में रुक-रुक कर तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। बादलों की सक्रियता के कारण कई इलाकों में रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
खूंटी, गुमला, सिमडेगा समेत कई जिलों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने 7 अगस्त को खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की आशंका जताई है। ऐसे मौसम में अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं, 8 अगस्त को रांची, खूंटी और गुमला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.