Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने आगामी 7 सितंबर को लोक भवन के समक्ष राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस भवन में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और छात्र संगठन के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
कांग्रेस ने यह धरना राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं और चंदा चोरी के आरोपों तथा झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के अधिकारों के कथित हनन के मुद्दे पर आयोजित करने का ऐलान किया है।
‘7 सितंबर का कार्यक्रम सिर्फ कांग्रेस का नहीं’: केशव महतो कमलेश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि 7 सितंबर का कार्यक्रम केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे झारखंड के हक, अधिकार और जनता की आवाज से जुड़े मुद्दों का संघर्ष बताया।
उन्होंने कहा कि झारखंड अपने खनिज संसाधनों के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है, लेकिन राज्य के हितों और अधिकारों को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस ऐसे प्रयासों का विरोध करेगी।
राम मंदिर चंदे का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग
केशव महतो कमलेश ने राम मंदिर के नाम पर मिले चंदे को लेकर उठ रहे सवालों पर भी पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर जनता से प्राप्त धन का हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। कांग्रेस ने चंदे में किसी भी तरह की अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।
गांव से कॉलेज तक जनसंपर्क अभियान
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और छात्र संगठनों के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया।
कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे गांव, मोहल्ले, कॉलेज, विश्वविद्यालय और विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच पहुंचकर 7 सितंबर के कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दें। साथ ही महिला, युवा और छात्र-छात्राओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अभियान को तेज करने का निर्देश दिया गया।
कांग्रेस के मुताबिक, धरना-प्रदर्शन में झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार, राजस्व हितों की रक्षा और जनता के पैसे तथा आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाएंगे।
‘ऐतिहासिक होगा 7 सितंबर का प्रदर्शन’: राकेश सिन्हा
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सभी संबंधित संगठनों के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को तेज करने का निर्देश दिया गया है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि 7 सितंबर को लोक भवन के समक्ष होने वाला धरना-प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचकर केंद्र सरकार की नीतियों और झारखंड के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








