Hazaribagh News: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता पनेश्वर कुमार महतो के लापता होने के मामले में बुधवार को नया अपडेट सामने आया है। पनेश्वर महतो हजारीबाग के कन्हरी हिल के आसपास मिले हैं। सूचना मिलने के बाद उन्हें इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण जारी है। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पनेश्वर महतो के मिलने की सूचना मिलते ही JLKM के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मंगलवार रात से लापता थे पनेश्वर महतो
रामगढ़ के कैथा निवासी पनेश्वर कुमार महतो 1 सितंबर की रात करीब 10 बजे के बाद से लापता थे। उनके लापता होने की जानकारी सामने आने के बाद समर्थकों ने पूरी रात उनकी तलाश की।
पनेश्वर महतो ने अस्पताल पहुंचने के बाद कथित घटनाक्रम के बारे में बताया। उनके अनुसार, मंगलवार रात एक सफेद बोलेरो उनके पास पहुंची। वाहन के शीशे काले थे और उस पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। उनका दावा है कि इसी वाहन में सवार लोगों ने उन्हें जबरन बैठा लिया।
मोबाइल से सहदेव महतो को किया फोन
पनेश्वर महतो के मुताबिक, वाहन में करीब पांच लोग मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह पुलिस की गाड़ी है और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा। हालांकि, उनके अनुसार, ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने दावा किया कि वाहन में सवार लोगों ने उनके मोबाइल फोन से ही सहदेव महतो को फोन किया और उन्हें गोबरदरहा चौक पर आकर गाड़ी ले जाने के लिए कहा।
पार्टी की गतिविधियों को लेकर धमकाने का आरोप
पनेश्वर महतो ने आरोप लगाया कि उन्हें हजारीबाग ले जाया गया और रातभर डराने-धमकाने की कोशिश की गई। उनका दावा है कि उनसे पार्टी की गतिविधियों को लेकर सवाल किए गए।
उन्होंने विशेष रूप से कोयला और बालू से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने के लिए दबाव दिया गया।
सुबह जंगल में छोड़ने का दावा
पनेश्वर महतो के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे उन्हें जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से मदद मांगी।
उनका कहना है कि एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें फोन उपलब्ध कराया, जिसके जरिए उन्होंने अपने सहयोगी आनंद केटियार को पूरी जानकारी दी। इसके बाद समर्थकों की मदद से उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पनेश्वर महतो के लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








