लातेहार: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में कोयला खनन क्षेत्र में देर रात हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। चमातु स्थित मगध कोलियरी के 22 नंबर कांटा घर पर हथियारबंद अपराधियों ने कई राउंड गोली चलाई। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव के पैर में गोली लग गई। घायल अरुण को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के RIMS रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे चार की संख्या में हथियारबंद अपराधी 22 नंबर कांटा घर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कांटा घर में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव गोली लगने से घायल हो गए। वह शेरेगड़ा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटनास्थल से खोखे और जिंदा कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। तलाशी के दौरान पुलिस को तीन खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फायरिंग के बाद अपराधी घटनास्थल पर एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, पर्चे पर राहुल दुबे-अमन साहू गैंग का नाम होने की बात सामने आई है। पर्चे में कोयला खनन से जुड़ी वीपीआर कंपनी को कथित तौर पर धमकी देने और उसे ‘मैनेज’ करने जैसी बातें लिखी होने की जानकारी है। हालांकि, पुलिस अभी पर्चे की प्रामाणिकता और फायरिंग की घटना से उसके संबंध की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया वीडियो में जिम्मेदारी लेने का दावा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है। फेसबुक पर प्रकाश शुक्ला के नाम से जारी वीडियो में राहुल दुबे गैंग की ओर से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। वीडियो में गोली के खोखे दिखाए गए हैं और धमकी भरा संदेश भी पोस्ट किया गया है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर सामने आए इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे कौन लोग शामिल थे और इसका वास्तविक मकसद क्या था।
फायरिंग की घटना के बाद कोलियरी क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








