Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ कराने वाले गोरा अंगरिया की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मानसिक रूप से परेशान था युवक
मिली जानकारी के मुताबिक बड़ैला गांव निवासी पोंडे राम अंगरिया के व्यवहार में पिछले कुछ दिनों से बदलाव देखा जा रहा था। परिजनों ने उसे मानसिक रूप से परेशान समझते हुए पूजा-पाठ और झाड़-फूंक कराने का फैसला किया था। इसी सिलसिले में पोंडे राम के घर धार्मिक अनुष्ठान कराया गया।
अनुष्ठान में पुजारी गोरा अंगरिया के साथ डाकुवा मुखी राम अंगरिया और कुछ ग्रामीण भी मौजूद थे। पूजा समाप्त होने के बाद रात में अधिकांश लोग अपने घर लौट गए। गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम वहीं रुक गए। पोंडे राम भी उसी कमरे में सोया था।
गर्दन पर गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे कमरे में सो रहे गोरा अंगरिया पर धारदार हथियार से हमला किया गया। उनकी गर्दन पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कथित आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी डाकुवा मुखी राम ने गांव के मुंडा गोमा अंगरिया और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर गोइलकेरा थाना पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया गया।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को भी पुलिस टीम बड़ैला गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस हत्या के कारण समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल वारदात की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








