Ranchi: झारखंड में जरूरत के समय ब्लड उपलब्ध नहीं होने की समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई व्यवस्था की पहल की है। स्वास्थ्य विभाग और MS Science के बीच बुधवार को समझौता ज्ञापन (MoU) हुआ। इसके तहत मरीज या उनके परिजन टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर रक्त की मांग कर सकेंगे। सरकार ने कॉल मिलने के बाद चार घंटे के भीतर रक्त उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस व्यवस्था की निगरानी के लिए रांची में एक कमांड सेंटर बनाया जाएगा। टोल-फ्री नंबर जल्द जारी किया जाएगा। कॉल आने के बाद मरीज की जरूरत के अनुसार संबंधित ब्लड ग्रुप की उपलब्धता और आपूर्ति की प्रक्रिया शुरू होगी।
मरीज या उसके परिवार को परेशानी न हो, यह सरकार की प्राथमिकता
इस व्यवस्था में एजेंसी की जिम्मेदारी केवल ब्लड पहुंचाने तक सीमित नहीं होगी। एजेंसी रक्त संग्रह, जांच, स्टोरेज, रखरखाव और संबंधित अस्पताल तक रक्त पहुंचाने का काम करेगी। विभाग के अनुसार रक्त की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जाएगी, ताकि मरीजों को सुरक्षित रक्त मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रक्त की कमी के कारण किसी मरीज या उसके परिवार को परेशानी न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सुरक्षित और समय पर रक्त उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
नई सुविधा का लाभ सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों को मिल सकेगा। राज्य में रक्त संग्रह बढ़ाने के लिए ग्रामीण इलाकों के साथ NCC, NSS, पुलिस बल और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना है।
रांची का कमांड सेंटर राज्यभर में ब्लड आपूर्ति की निगरानी करेगा
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी। सभी जिलों में बैठकें कर इसे प्रभावी बनाने पर काम होगा। रांची का कमांड सेंटर राज्यभर में ब्लड की उपलब्धता और आपूर्ति की निगरानी करेगा।
NHM अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा के अनुसार कंपनी की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जबकि विभाग तकनीकी सहयोग देगा। नई व्यवस्था को अगले 90 दिनों में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
झारखंड स्वास्थ्य विभाग पहले से 104 हेल्थ हेल्पलाइन संचालित करता है, जो स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सेवाओं की डायरेक्टरी उपलब्ध कराती है। नई रक्त आपूर्ति व्यवस्था इससे अलग विशेष सेवा के रूप में विकसित की जा रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







