रांची: संत जेवियर्स कॉलेज, रांची के परिसर में गुरुवार 8 अक्टूबर से रांची विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2026 की शुरुआत हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में रांची विश्वविद्यालय से संबद्ध 10 महाविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन संत जेवियर्स कॉलेज रांची के प्राचार्य सह मुख्य अतिथि डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने किया।
उद्घाटन के दौरान प्राचार्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों को भी बढ़ावा देने की जरूरत है, ताकि खिलाड़ी विश्वविद्यालय स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने विश्वविद्यालय के खेल विभाग से खिलाड़ियों के हित में सकारात्मक सोच के साथ काम करने की अपील की। साथ ही खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों को अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता की शुरुआत कॉलेज कुलगीत के साथ हुई।
पहले दिन हुए दो मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में बीएस कॉलेज, लोहरदगा और संत पॉल्स कॉलेज, रांची की टीमें आमने-सामने रहीं। वहीं दूसरे मैच में सिल्ली कॉलेज और केसीबी कॉलेज, बेड़ो के बीच मुकाबला हुआ।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग कॉलेजों की टीमें वॉलीबॉल कोर्ट पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार 10 अक्टूबर को खेला जाएगा, जिसमें विजेता टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
प्रतियोगिता का संचालन आयोजन सचिव डॉ. राम मुर्मू के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस दौरान उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज, एसजे, डॉ. धीरजमणि पाठक, प्रो. बीके सिन्हा, डॉ. संजय सिन्हा, डॉ. शिव कुमार, डॉ. सुमित रॉय, डॉ. सुशील पाण्डेय, फादर संजय केरकेट्टा, प्रो. सचिन मिश्रा सहित झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







