रांची: भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर झारखंड कांग्रेस 10 अक्टूबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में ‘काला दिवस’ मनाएगी। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने बताया कि यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल के निर्देश और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
जिला स्तर पर जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
पार्टी के अनुसार, ‘काला दिवस’ कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, प्रखंड और मंडल अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों से अपने-अपने जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित करने और अधिक से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।
लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का विरोध
कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र, संविधान और देश की चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता एवं अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक लोकतांत्रिक नागरिक की जिम्मेदारी है। पार्टी के मुताबिक, ‘काला दिवस’ के माध्यम से वह लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और संविधान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करेगी।
झारखंड कांग्रेस इससे पहले भी मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर चुकी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







