Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के प्रस्ताव पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने सहमति दे दी है। इसके साथ ही धनबाद और जमशेदपुर में महानगर अध्यक्षों के मनोनयन का रास्ता साफ हो गया है। अब रांची की तर्ज पर इन दोनों शहरों में भी कांग्रेस संगठन को महानगर स्तर पर व्यवस्थित किया जाएगा।
महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति से पार्टी की गतिविधियों को गति मिलेगी
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और पार्टी की सांगठनिक संरचना को प्रभावी करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
सिन्हा के मुताबिक, धनबाद और जमशेदपुर राज्य के प्रमुख शहरी केंद्र हैं। यहां महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति से पार्टी की गतिविधियों को गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय समस्याओं को उठाने के लिए भी संगठन को एक प्रभावी मंच मिलेगा।
कमेटी का लक्ष्य बूथ स्तर से लेकर महानगर तक संगठन को मजबूत करना
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का लक्ष्य बूथ स्तर से लेकर महानगर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है। पार्टी आम लोगों की समस्याओं और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाना चाहती है।
महानगर अध्यक्षों के मनोनयन को संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, धनबाद और जमशेदपुर के लिए नए महानगर अध्यक्षों के नामों की घोषणा अभी नहीं की गई है। अब दोनों शहरों में नियुक्तियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की नजरें अगले संगठनात्मक फैसले पर रहेंगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








