रामगढ़: नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रुपी सोरेन के श्राद्ध कर्म को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में झारखंड के अलग-अलग जिलों के साथ दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला पुलिस ने लोगों की आवाजाही और वाहनों की पार्किंग के लिए विस्तृत नेमरा पार्किंग एंड रूट प्लान जारी किया है।
लोगों को पार्किंग स्थल तलाशने में परेशानी न हो, इसके लिए एसपी मुकेश लुनायत की पहल पर QR कोड भी जारी किया गया है। इसे स्कैन कर लोग निर्धारित पार्किंग स्थल की जानकारी हासिल कर सकेंगे और अपने वाहन को तय स्थान पर खड़ा कर सकेंगे।
लुकैया टांड़ में बनेगा मुख्य पार्किंग स्थल
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए लुकैया टांड़ के पास पार्किंग स्थल बनाया गया है। यहां टोटो, ऑटो और अन्य वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। लुकैया टांड़ से नेमरा तक आने-जाने के लिए टोटो, टेंपो और अन्य स्थानीय परिवहन की व्यवस्था भी की गई है।
आम नागरिकों और चार पहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। दूर-दराज से आने वाली बसों के लिए अलग पार्किंग स्थल बनाया गया है। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी चिन्हित जोन तय किए गए हैं।
दोपहिया वाहनों के लिए अलग बाइक पार्किंग ब्लॉक बनाया गया है। इसके अलावा निर्धारित लेन में सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। विशिष्ट अतिथियों, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के वाहनों के लिए कार्यक्रम स्थल के पास अलग वीआईपी पार्किंग जोन निर्धारित किया गया है।
पंडाल और होल्डिंग एरिया की व्यवस्था
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल और होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। यहां आने वाले अतिथियों के बैठने और प्रतीक्षा करने की व्यवस्था होगी।
मुख्य आवास परिसर के साथ बड़े पैमाने पर भोजन तैयार करने के लिए विशेष रसोई की व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा और निगरानी के लिए केंद्रीय पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
विशिष्ट अतिथियों के आवागमन को देखते हुए तीन अस्थायी हेलीपैड भी तैयार किए गए हैं।
दूसरे जिलों से आने वालों के लिए खास व्यवस्था
श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले लोगों से अपने वाहनों को लुकैया टांड़ स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने की अपील की गई है। वहां से टोटो, टेंपो और अन्य वाहनों के जरिए लोग नेमरा पहुंच सकेंगे।
पुलिस की ओर से तैयार की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करना और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाए रखना है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








