Ranchi: झारखंड सरकार ने सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों में कार्यरत जूनियर रेजिडेंट (एकेडमिक) डॉक्टरों के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार के संकल्प संख्या 244(09), दिनांक 27 अप्रैल 2026 के तहत संशोधित दरें निर्धारित की गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इसे डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाने और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
नई दरों के अनुसार, प्रथम वर्ष के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का मानदेय 54,500 रुपये से बढ़ाकर 70,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। दूसरे वर्ष के डॉक्टरों को अब 58,500 रुपये के बजाय 75,000 रुपये मिलेंगे। वहीं, तीसरे वर्ष के डॉक्टरों का मानदेय 63,000 रुपये से बढ़ाकर 80,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है।
इस फैसले से प्रथम वर्ष के डॉक्टरों को हर महीने 15,500 रुपये, दूसरे वर्ष के डॉक्टरों को 16,500 रुपये और तीसरे वर्ष के डॉक्टरों को 17,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। सरकार का उद्देश्य चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत डॉक्टरों को बेहतर आर्थिक प्रोत्साहन देना और मरीजों के उपचार की गुणवत्ता में सुधार करना है।
रिनपास के DNB डॉक्टरों के मानदेय पर भी पहल
रांची के कांके स्थित रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज (RINPAS) में कार्यरत DNB प्रशिक्षणार्थियों के मानदेय पुनरीक्षण के प्रस्ताव पर भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है।
उपलब्ध विभागीय जानकारी के अनुसार, ब्रॉड स्पेशियलिटी DNB प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष का न्यूनतम मासिक मानदेय क्रमशः 43,000, 45,000 और 47,000 रुपये निर्धारित है। पोस्ट-डिप्लोमा DNB प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रथम वर्ष में 45,000 और दूसरे वर्ष में 47,000 रुपये प्रतिमाह की दरें निर्धारित हैं। हालांकि, रिनपास में संशोधित मानदेय लागू होने की अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
डॉक्टरों के सम्मान और बेहतर इलाज पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “डॉक्टर हमारे अंग हैं। उनके मान-सम्मान में किसी तरह की कटौती नहीं की जाएगी।” उन्होंने बेहतर अस्पताल, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और डॉक्टरों के लिए अनुकूल कार्य-परिस्थितियां उपलब्ध कराने को सरकार की प्राथमिकता बताया।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर संबंधित फाइल को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें बेहतर कार्य-परिस्थितियां उपलब्ध कराना है।
सरकार का कहना है कि मानदेय में बढ़ोतरी से चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों को प्रोत्साहन मिलेगा। रांची के रिनपास जैसे संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी डॉक्टरों की उपलब्धता, बेहतर उपचार और संस्थागत सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









