Dhanbad: धनबाद मंडल कारा में सोमवार देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में जेल के पांच पुरुष वार्डों, महिला वार्ड और मेडिकल वार्ड की जांच की गई। तलाशी के दौरान पुरुष वार्ड से खैनी, चूना और पेन बरामद किए गए।
डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में छापेमारी
धनबाद मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात औचक निरीक्षण किया। इस अभियान का नेतृत्व धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल प्रशासन में हलचल मच गई।
छापेमारी में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बरांगे सहित जिले के कई डीएसपी, एसडीपीओ और सैकड़ों पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
पांच पुरुष वार्ड, महिला वार्ड और मेडिकल वार्ड की जांच
तलाशी अभियान के दौरान मंडल कारा के पांच पुरुष वार्डों, एक महिला वार्ड और मेडिकल वार्ड की सघन जांच की गई। पांचों पुरुष वार्डों की तलाशी अलग-अलग डीएसपी के नेतृत्व में कराई गई, जबकि महिला वार्ड की जांच महिला पुलिस अधिकारियों की टीम ने की।
इस दौरान पुरुष वार्ड से खैनी, चूना और पेन बरामद हुए। प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य जेल परिसर में प्रतिबंधित या अनधिकृत वस्तुओं की मौजूदगी का पता लगाना और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना था।
जेल की सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
जिला प्रशासन के अनुसार, औचक छापेमारी का मुख्य उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच करना और किसी भी तरह की लापरवाही की संभावना को रोकना था। निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप संतोषजनक पाई गईं।
वहीं, मंडल कारा के मेडिकल वार्ड में भर्ती कैदियों की स्वास्थ्य जांच विशेष मेडिकल टीम के माध्यम से कराई जाएगी।
जेलों की सुरक्षा पर प्रशासन की नजर
धनबाद मंडल कारा में देर रात की गई यह औचक छापेमारी जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच और निगरानी की अहमियत एक बार फिर सामने आई है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









