Ranchi: रांची के सुखदेवनगर थाना में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में रांची एसएसपी पहुंचे और लोगों से वन-टू-वन बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने शिकायत की कार्रवाई के बावजूद जमीनी स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।कार्यक्रम के दौरान कई लोग अपनी अलग-अलग शिकायतें लेकर पहुंचे थे। एसएसपी ने बताया कि कुछ पुराने मामलों में कार्रवाई नहीं होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। एक मामले में उन्होंने एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया।
छोटी आपराधिक घटनाओं पर SSP ने जताई चिंता
सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में छोटी-मोटी आपराधिक घटनाओं को लेकर एसएसपी ने चिंता जताई। उन्होंने थाना प्रभारी को पुलिसिंग व्यवस्था बेहतर करने और नियमित पेट्रोलिंग मजबूत करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अड्डेबाजी, खुले में शराबखोरी और नशे से जुड़े स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सके।
लंबे समय से तैनात टाइगर मोबाइल जवानों का होगा बदलाव
एसएसपी ने बताया कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात टाइगर मोबाइल जवानों को रूटीन प्रक्रिया के तहत बदला जाएगा। इसका उद्देश्य पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाना और क्षेत्र में निगरानी को प्रभावी करना है।
FIR दर्ज नहीं होने पर कहां करें शिकायत?
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि संज्ञेय अपराध की सूचना मिलने पर एफआईआर दर्ज करना पुलिस का कर्तव्य है। अगर किसी थाने में संज्ञेय अपराध की सूचना देने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है, तो आम लोग वरीय पुलिस अधिकारियों के पास अपनी शिकायत पहुंचा सकते हैं। जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के जरिए पुलिस ने लोगों की समस्याएं सुनने और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। अब देखना होगा कि इन निर्देशों का सुखदेवनगर थाना क्षेत्र की पुलिसिंग और आम लोगों की शिकायतों के निपटारे पर कितना असर पड़ता है।
Read More: UGC NET December 2026 आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाई गई, जानें एग्जाम डेट और अप्लाई लिंक

न्यूज डेस्क राइटर, खबर मन्त्र। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत और वायरल समसामयिक विषयों पर त्वरित और सटीक समाचार संपादन।








