Ranchi: दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने देश की राजनीति के लिए बड़ा संदेश बताया है। रैली से लौटने के बाद उन्होंने दावा किया कि इसमें उमड़ी भीड़ ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। अंसारी के मुताबिक, देश की जनता अब भाजपा सरकार से मुक्ति चाहती है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रामलीला मैदान में देश के चारों कोनों से लोग पहुंचे थे। उनके अनुसार, रैली के कारण दिल्ली में होटल, रेस्टोरेंट, रेलवे, एयरपोर्ट और दुकानों सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कारोबार बढ़ा। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि जनता के आक्रोश और बदलाव की इच्छा का प्रतीक बताया।
जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक देश की जनता चुप नहीं बैठेगी
मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक देश की जनता चुप बैठने वाली नहीं है। ज्ञानेश कुमार ने संविधान का मजाक उड़ाया है और लोगों के वोट देने के अधिकार को छीनने का काम किया है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। उस अधिकार के साथ खिलवाड़ करना देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है।
डॉ. अंसारी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार के दिमाग में मोदी का चिप लगा हुआ है और वह उन्हीं के इशारे पर सारे गलत कामों को अंजाम दे रहे हैं। देश की जनता सब कुछ देख रही है और अब इस तरह की कथित लोकतांत्रिक मनमानी को किसी भी कीमत पर स्वीकार करने वाली नहीं है।
रामलीला मैदान से उठी आवाज केवल दिल्ली तक सीमित नहीं
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आगे कहा कि मुझे तो यह भी आशंका है कि जिस प्रकार नेपाल और बांग्लादेश में जनता सड़कों पर उतरी और वहां प्रधानमंत्री को देश छोड़ना पड़ गया, ठीक उसी प्रकार भारत में भी वह दिन दूर नहीं, जब मोदी को देश छोड़ना पड़ जाए।
उन्होंने कहा कि आज रामलीला मैदान से उठी आवाज केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की आवाज है। जनता अपने मताधिकार, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट हो चुकी है। अब भाजपा को जनता के आक्रोश और लोकतांत्रिक ताकत का सामना करना पड़ेगा। देश बदलाव चाहता है और जनता की आवाज को अब किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








