Gumla: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने दिवंगत आदिवासी महिला नेत्री निशा कुमारी भगत की मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। मंगलवार को वह गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित उरु बारुडीह गांव पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने निशा के पिता और झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
आत्महत्या की घटना सामान्य नहीं, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी
इस दौरान आजसू अध्यक्ष ने कहा कि निशा भगत की फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामान्य नहीं है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो।
सुदेश महतो ने आत्महत्या से पहले निशा भगत के फोन आने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी की ओर से समय पर सक्रियता नहीं दिखाये जाने को गंभीर मामला बताया। उन्होंने इसे पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली और जवाबदेही पर बड़ा सवाल करार दिया।
निशा भगत की मौत से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए
उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उनके मुताबिक, इस घटना पर राज्य सरकार की ओर से संवेदना तक व्यक्त नहीं की गयी।
सुदेश महतो ने मांग की कि निशा भगत की मौत से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए और जांच में जिसकी भी भूमिका या लापरवाही सामने आये, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
इस मौके पर आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








