रांची: झारखंड में कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तीसरे चरण की तैयारी शुरू कर दी है। इस चरण के तहत राज्य के सभी प्रखंडों के गांव-गांव में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित की जाएंगी। अभियान के सफल संचालन और नियमित निगरानी के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
गठित कमेटी में अनादि ब्रह्म को संयोजक बनाया गया है, जबकि लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम. तौसीफ अजहर पप्पू और जितेंद्र त्रिवेदी को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा के मुताबिक, कांग्रेस भवन रांची में नवनियुक्त कमेटी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उन्होंने अभियान के तीसरे चरण को लेकर कमेटी के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला और प्रखंड अध्यक्षों के साथ समन्वय का निर्देश
बैठक में कमेटी के सदस्यों को सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों और प्रखंड कांग्रेस अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। उन्हें राज्य के प्रत्येक गांव में चौपाल का आयोजन सुनिश्चित करने के साथ कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अभियान की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है।
मतदाता सूची और मतदान के अधिकार पर होगी चर्चा
कांग्रेस के अनुसार, अभियान के तीसरे चरण का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर मतदाता सूची, मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर लोगों के साथ संवाद स्थापित करना है। चौपाल के माध्यम से आम नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने और मतदान प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को लेकर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कहना है कि अभियान को राज्य के सभी प्रखंडों और गांवों तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







