KhabarMantra: धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया सहजानंद नगर निवासी रीता देवी ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष को पत्र लिखकर अधिवक्ता गजेंद्र कुमार पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है. रीता देवी का आरोप है कि अधिवक्ता गजेंद्र ने उनसे 38 हजार रुपये की मांग की और कुटुंब न्यायालय में सरेआम बेइज्जत किया. साथ ही धमकी दी कि यदि वह पैसा नहीं देगी तो उसे झूठे मुकदमे में फंसा देगा.
जानकारी के मुताबिक़ रीता देवी ने अपने पत्र में कहा है की उन्होंने अपने पुत्र पर भरण पोषण का मुकदमा किया था , जिसमे उसके पुत्र को अदालत ने भरण पोषण की राशी न देने के आरोप में जेल भेज दिया था. उस दौरान उन्होंने नियमित रूप से अधिवक्ता को उनका फीस दिया करती थी, और आज जब वह अपने पुत्र को जेल से छुड़ाने के लिए आई तो अधिवक्ता गजेन्द्र ने उससे 38 हज़ार की मांग की.
अधिवक्ता गजेंद्र कुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह विरोधियों की चाल है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने रीता देवी का मुकदमा इस शर्त पर लड़ा था कि केस जीतने के बाद वह एक मुश्त पैसा देगी. अब जब वह अपने बकाया राशि की मांग कर रहे हैं, तो उनके विरोधियों द्वारा भ्रामक पत्र लिखकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है.
रीता देवी ने बार एसोसिएशन और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश से कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की प्रतीक्षा है.









