Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित “संविधान बचाओ रैली” की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह महत्त्वपूर्ण रैली रांची के पुराना विधानसभा के समक्ष मैदान में आयोजित की जा रही है और इसे झारखंड की राजनीति में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी दी कि इस रैली में झारखंड के सभी जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे कल सुबह 11:45 बजे रांची पहुंचेंगे। उनके साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई वरिष्ठ नेता भी रैली में शिरकत करेंगे।
सिन्हा ने आगे बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू और गुरदीप सिंह सप्पल आज ही रांची पहुंच चुके हैं।
रैली के बाद कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
- 3:30 बजे होटल बीएनआर चाणक्य में राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक होगी।
- 4:30 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में सभी वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।
- 6:30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य नेता दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
प्रदेश कांग्रेस ने इस रैली को भाजपा सरकार की संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुटता का प्रतीक बताया है और इसे झारखंड की राजनीति में ऐतिहासिक कदम बताया है।












