कतरास: ग्राम स्वराज अभियान के बैनर तले संघर्षरत रैयतों ने बाघमारा अंचल कार्यालय के समक्ष सीओ का पुतला दहन किया। इंदिरा चौक से सभी जुलुस की शक्ल में पुतला लेकर वहां पहुंचे थे। रैयतों ने कहा कि अगले मंगलवार को रणधीर वर्मा चौक पर पुतला दहन करेंगे। कमल महतो ने कहा हमारा आंदोलन संवैधानिक है, सीओ गलत आरोप लगाना छोड़े।
बता दें सीओ बाल किशोर महतो ने आंदोलनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद बाघमारा अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार के बाहर रैयतों ने आज पुनः अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत पुतला जलाया। आंदोलन में अधिकतर महिलाएं और उनके परिजन थे। नेतृत्व कर रहें रैयत कमल महतो, दिलीप कुमार महतो, लक्ष्मी देवी आदि ने कहा कि हम रैयत शांति पूर्वक अपने अधिकार के लिए संवैधानिक दायरे में रहकर अपने जमीन संबंधी डिजिटलाइजेशन एवं अन्य समस्या का समाधान चाहते हैं। हम रैयत झूठे केस से नहीं डरते, अपने हक और अधिकार के लिए धरना प्रदर्शन करना हमारा संवैधानिक अधिकार है ।












